पीडीडीयू नगर। आदिदेव शिव और शक्ति की प्रतीक पार्वती के विवाह का पर्व महाशिवरात्रि मंगलवार को मनाई जाएगी। शिवालयों में इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। महापर्व की पूर्व संध्या पर भी शिवालयों को विद्युत झालरों, फूल मालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मंगलवार को शिवालयों से भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। इसके साथ ही कहीं एक दिवसीय, कहीं दो तो कहीं तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। शिवालयों पर अखंड हरिकीर्तन, रामायण पाठ की शुरुआत हो गई है।
नगर में आरपीएफ कॉलोनी शिव मंदिर पर सोमवार की सुबह आठ बजे अखंड हरिकीर्तन की शुरूआत हुई। मंगलवार की भोर से यहां जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक के साथ पूजा अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। चौबीस घंटे के अखंड हरिकीर्तन की समाप्ति पर मंगलवार की दोपहर में भव्य शिव बरात निकाली जाएगी।
शिव बारात आरपीएफ कॉलोनी, शास्त्री कालोनी, इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी, रेलवे स्टेशन तक पहुंचेगी और यहां से होते हुए वापस मंदिर पर पहुंच कर समाप्त होगी। रात में शिव और पार्वती का विधि विधान से विवाह कराया जाएगा। इसके पूर्व मंदिर के समीप मेला लगेगा।
इसी तरह मानसनगर, डीजल कॉलोनी, शाहकुटी, काली महाल चतुर्भुजपुर सहित अन्य शिवालयों को सजाया गया है। नियामताबाद संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के बिलारीडीह शिव मंदिर पर महाशिवरात्रि पर दो दिवसीय मेला लगेगा। इसके लिए यहां दुकानें सज गई है। महाशिवरात्रि पर यहां दर्शन पूजन के लिए भक्त उमडेंगे। मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया है। मंदिर के समीप मैदान में झूला, जादू का खेल, खेल ट्रेन आदि के स्टाल सज गए हैं। इसके साथ खाने पीने की दुकानें और बच्चों के खिलौनों, गुब्बारे की दुकानें सज गईं हैं।