पीडीडीयू नगर। पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा ने शनिवार को पीडीडीयू नगर पहुंच कर वैगन केयर सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने डाउन रिसिविंग यार्ड और डाउन हंप के कार्यों का भी अवलोकन किया। बाद में उन्होंने अधिकारियों संग हुई बैठक में कैरेज एंड वैगन में मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। वहीं हंपिंग और रिसिविंग यार्ड में कार्यों में सतर्कता और इमानदारी का पाठ पढ़ाया।
शनिवार की सुबह साढ़े आठ बजे जीएम पीडीडीयू जंक्शन पर विशेष सैलून से पहुंचे। यहां से निकल कर वे सीधे डाउन रिसिविंग यार्ड पहुंचे। यहां मालगाड़ियों के आवागमन की स्थिति देखी और इसके बाद डाउन हंप पहुंच कर मालगाड़ियों के डिब्बे को अलग करने और अलग अलग लाइन पर एक रूट के मालगाड़ी तैयार करने की प्रक्रिया को देखा। यहां उन्होंने मालगाड़ी के वैगनों के परीक्षण कार्य सहित वहां एसएसई कक्ष, पाथवे व अन्य सुविधाओं का जायजा लिया गया। बाद में महाप्रबंधक डाउन हंप यार्ड स्थित टावर में जाकर हंपिंग कार्य तथा वहां यार्ड में मौजूद वैगनों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने कार्य में सावधानी बरतने का निर्देश दिया। इसके बाद वे वैगन केयर सेंटर पहुंचे। यहां उन्होंने वैगनों के मरम्मत एवं रखरखाव कार्य सहित वहां उपलब्ध मशीनों, उपकरणों, सुविधाओं का निरीक्षण किया। बाद में सेंटर के कांफ्रेंस रूम में मंडल रेल प्रबंधक सहित अन्य अधिकारियों संग बैठक कर यहां मरम्मत के कार्य को तेज करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान डीआरएम राजेश कुमार पांडेय, दानापुर के डीआरएम प्रभात कुमार रहे।