चंदौली के सकलडीहा ब्लाक की बीडीओ रम्या आर ने शनिवार को समस्त एडीओ पंचायत के साथ दो दर्जन से अधिक गांवों का निरीक्षण किया। इस दौरान नौ गांवों में कार्य बंद होने के बाद भी मस्टररोल जारी होने पर उन गांव के रोजगार सेवक और सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।
बीडीओ रम्या आर मनरेगा कार्य की जमीनी हकीकत जानने के लिये शनिवार को एक साथ 26 गांवों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एडीओ पंचायत, एडीओ कोओपरेटिव,एडीओ आईएसबी, जेई, मनरेगा, कोआडिनेटर सहित 12 ब्लॉक के अधिकारी अलग अलग गांवों में घूमकर कार्यो को देखा। इस दौरान 17 गांवों में मनरेगा कार्य होता मिला। वहीं 09 गांवों में कार्य पूर्ण हो गया था।
इसके बाद भी दरियापुर, बसंतपुर, बलारपुर, दुदौली, नागेपुर, टड़िया, जीवनपुर, मनिहरा, शिवपुर गांव में मस्टर रोल जारी किया जा रहा था। इसे देखकर बीडीओ भड़क गयी। इन गांव के सभी रोजगार सेवक और सचिवों को विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया। इस बाबत बीडीओ रम्या आर ने बताया कि मनरेगा कार्य में किसी प्रकार की धांधली बर्दाश्त नही की जाएगी। लापरवाही पर सम्बन्धित के खिलाफ कार्रवाई भी की जायेगी।