पीडीडीयू नगर। तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान रविवार को गायब रहे अधिकारियों को नोटिस जारी करने के साथ ही जिलाधिकारी ने उनकी लापरवाही को ठीक करने के लिए एक निर्णय लिया है। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने निर्देश दिया है कि जो भी अधिकारी गैरहाजिर होंगे तो उनसे संबंधित प्रार्थनापत्रों को उनके व्हाट्सएप पर भेजा जाएगा और उस समस्या का समाधान उन्हेें समय से करना होगा। इसमें लापरवाही होने पर कार्रवाई होगी।
शिकायतों के निस्तारण के मामले में जनपद फिसड्डी है। आइजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण की रैंकिग में अंतिम पायदान पर पहुंच चुका है। यहां तक कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों के निस्तारण को लेकर भी विभागाध्यक्ष गंभीर नहीं। आयोजनों में अनुपस्थित भी रहते हैं। इसकी वजह से फरियादियों को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा। फरियादी बार-बार संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देते हैं। वहीं आला अधिकारियों से मिलकर भी अपनी समस्याएं बताते हैं। सरकार ने लोगों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से संपूर्ण समाधान व समाधान दिवस के आयोजन का निर्देश दिया था, लेकिन समय के साथ आयोजन सिर्फ कोरमपूर्ति बनकर रह गया है। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने इसको गंभीरता से लेते हुए शिकायतों का गंभीरता के साथ निस्तारण करने का निर्देश दिया। वहीं नई प्रक्रिया शुरू कराते हुए आयोजनों में गैरहाजिर अफसरों के वाट्सएप अथवा जिनके पास वाट्सएप नहीं, उन्हें डाक के जरिए प्रार्थना पत्र भेजने को कहा है। संबंधित अधिकारी को निर्धारित अवधि के अंदर शिकायत को निस्तारित कर उच्चाधिकारियों के साथ ही शासन को भी रिपोर्ट भेजनी होगी। इससे फरियादियों को त्वरित न्याय मिलने की उम्मीद है।