नौगढ़। पूर्व ब्लॉक प्रमुख नीतू सिंह, उनके पति सुजीत सिंह उर्फ सुड्डू और परिवार के अन्य लोगों पर बुधवार की रात मध्य प्रदेश के जबलपुर में बदमाशों ने तलवार और चाकू से हमला कर दिया। बदमाश सुजीत सिंह की सोने की चेन छीनकर भाग गए। हमले में उनका बेटा और चालक भी घायल हुए हैं। मध्य प्रदेश पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। परिवार उज्जैन महाकालेश्वर के दर्शन-पूजन के लिए जा रहा था।
नीतू के पति सुजीत सिंह ने बताया कि बीते 18 जून की रात करीब 10:30 बजे अपनी गाड़ी से पत्नी नौगढ़ की पूर्व ब्लॉक प्रमुख नीतू सिंह, पुत्र श्रेय सिंह साथी गुलजार खान और चालक टीपू सुल्तान के साथ उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की ओर जा रहे थे। रास्ते में जबलपुर हाईवे पर स्थित एक यात्री प्रतीक्षालय के पास उन्होंने अपनी गाड़ी कुछ देर के लिए रोकी। गाड़ी रुकने पर जैसे ही वे और चालक नीचे उतरे, वहीं घात लगाकर बैठे पांच बदमाशों ने उन पर तलवार और चाकू से हमला बोल दिया। इस हमले के दौरान उनकी सोने की चेन लूट ली गई। जब चालक टीपू सुल्तान बचाव में आया तो बदमाशों ने उस पर तलवार से वार कर दिया। इस हमले में चालक के हाथ में गंभीर चोटें आई। शोर सुनकर गाड़ी में बैठीं नीतू सिंह और श्रेय सिंह बाहर निकले और हालात को संभालने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उन पर भी हमला कर दिया। नीतू सिंह पीछे हट गईं, जबकि श्रेय सिंह और गुलजार खान को चाकू लगने से चोटें आईं। सुजीत ने बताया कि घटना के तुरंत बाद चितौला थाना, जबलपुर में उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने एफआईआर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।