पीडीडीयू नगर/ कंदवा। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। योजना के तहत विकास कार्य कराने पर ग्राम पंचायतों को पुरस्कार दिया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाली पांच ग्राम पंचायतों का चुनाव किया जाएगा।
आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त निर्धारित की गई है। योजना के लिए अब तक जनपद के पांच ग्राम प्रधानों ने ही ऑनलाइन आवेदन किया है। आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन है। ग्राम प्रधान ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें पंचायत राज विभाग के पोर्टल पर आवेदन करना होगा।
आवेदन प्रक्रिया के बाद प्रदेश स्तर पर गठित टीम की ओर से सर्वे का कार्य किया जाएगा। सर्वे में बेहतर पाए जाने पर संबंधित ग्राम पंचायतों को पुरस्कार दिया जाएगा। बरहनी ब्लॉक में 75 ग्राम पंचायतें हैं।
आवेदन के साथ ग्राम प्रधानों को नौ थीम पर अपने गांव के विकास का ब्योरा देना होगा। योजना का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को प्रोत्साहित करना है। सर्वे में वर्ष 2024 से 2025 तक कराए गए विकास कार्यों को परखा जाएगा।
इसके आधार पर संबंधित ग्राम पंचायत को अंक दिए जाएंगे। सितंबर में जनपद स्तर पर डीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी जांच करके चयन के सापेक्ष न्यूनतम दोगुनी ग्राम पंचायतों का चयन करेगी। जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय से जुड़े लोगों का कहना है कि गांव में बेहतर विकास कार्य कराने वाले ग्राम प्रधानों को आवेदन करने के लिए कहा गया है। आवेदन की अंतिम तिथि से पहले संख्या बढ़ने की उम्मीद है।