हालही में बनी सड़क बारिश में धंस गई।
- फोटो : संवाद
धानापुर। क्षेत्र स्थित शहीदगांव-रमौली मार्ग का चार माह पूर्व ही करीब नौ करोड़ रुपये से पुनर्निमाण कराया गया था। कार्यदायी संस्था व विभागीय लापरवाही के कारण सड़क पहली ही बरसात ही नहीं झेल सकी है।
बरसात शुरू होते ही सड़क जगह-जगह धंसने लगी है। इससे सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि उक्त मार्ग का निर्माण लगभग चार महीने पूर्व ही कराया गया था। निर्माण के कुछ समय बाद बारिश होने लगी तो कार्य के गुणवत्ता की पोल खुल गई है। कई स्थानों पर सड़क के किनारे बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और कई स्थानों पर मिट्टी व सड़क धंस गई है।
इससे न केवल लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क का चौड़ीकरण भी किया गया था। इसके चलते किनारों पर नई मिट्टी डाली गई थी। बारिश में यही मिट्टी धंस रही है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि धंसी हुई सड़क को जल्द ही दुरुस्त करा दिया जाएगा। उधर, ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए।