पीडीडीयू नगर। हावड़ा दिल्ली रूट पर अतिव्यस्त पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर स्थित फुटओवर ब्रिज के नीचे केबल में शुक्रवार की दोपहर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग से स्टेशन पर अफरा तफरी मच गई। बाद में मेन लाइन की बिजली काटी गई। इसके बाद आग शांत हुई। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई। इस घटना से एक घंटे तक पूरे स्टेशन की बिजली गुल रही। भीषण गर्मी में यात्रियों के साथ ही विभिन्न कार्यालय के लोगों को भी परेशानी हुई। इलेक्ट्रीकल विभाग ने एक घंटे के प्रयास के बाद जले केबल को बदला और इसके बाद आपूर्ति बहाल हुई।
पीडीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म पर स्थित स्टेशन अधीक्षक, डिप्टी एसएस, सीएसजी, इलेक्ट्रीकल, मैकेनिकल, आरपीएफ, जीआरपी सहित अन्य विभागीय कार्यालयों के साथ प्लेटफार्म पर लगे लिफ्ट, पंखे आदि को चलाने के लिए केबल के जरिए बिजली आपूर्ति होती है। देख भाल के अभाव में केबल जर्जर हो गए हैं। शुक्रवार की दोपहर में एक बजे यात्री हाल से प्लेटफार्म पर जाने के लिए दिव्यांग रैंप के नीचे केबल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज आवाज के साथ उठ रही आग की लपटों को देख कर यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। सूचना पाकर बिजली विभाग ने आपूर्ति लाइन बंद कर दी। इसके बाद आग बुझी। वहीं सूचना पाकर आरपीएफ के सहायक कमांडेंट एचएन राम, जीआरपी पीडीडीयू प्रभारी सुरेश कुमार सिंह, आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार, स्टेशन अधीक्षक आरके सिंह, सीएसजी अजीत कुमार आदि पहुंच गए। सूचना पाकर सीएफओ सुभाष सिंह के साथ फायर ब्रिगेड मौक पर पहुंची और आग बुझाई। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बाद में एक घंटे की मशक्कत के बाद इलेक्ट्रिक विभाग ने जले केबल को बदला। इसके बाद स्टेशन पर बिजली आपूर्ति बहाल हुई और लोगों ने राहत की सांस ली।
पीडीडीयू नगर। शार्ट सर्किट से शुक्रवार की दोपहर में जिस केबिल में आग लगी और हड़कंप मचा। बृहस्पतिवार को भी उसी स्थान पर आग लगी थी। यह संयोग ही था कि आग विकराल नहीं हुआ और तुरंत ही काबू में आ गया। बावजूद इसके इलेक्ट्रिकल विभाग ने सबक नहीं ली। इसका नतीजा हुआ कि शुक्रवार की आग विकराल हो गई।