चंदौली। शीतलहर से की वजह से अस्पतालों में मरीजों की संख्या घट गई है। पांच दिन पहले जिला अस्पताल की ओपीडी में 1000 से ज्यादा मरीज आते थे, वहीं बुधवार को 800 ही पहुंचे। उनमें 450 से ज्यादा सर्दी, जुकाम और बुखार पीड़ित थे।
पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला अस्पताल में बुधवार को पर्ची काउंटर और ओपीडी में मारामारी नहीं दिखी। ओपीडी में सिर्फ 800 मरीज पहुंचे। इनमें ज्यादातर मौसम की मार से पीड़ित थे। फिजिशियन डॉ. आरके वर्मा और डाॅ. संजय कुमार ने कहा कि इस मौसम में बहुत सतर्क रहने की जरूरत है। बताया कि खूब गर्म कपड़े पहनने के साथ गर्म पानी से नहाना चाहिए। गर्म भोजन और गुनगुने पानी का सेवन करने के साथ पर्याप्त नींद लेनी चाहिए। रोज व्यायाम भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि बुजुर्गों, मरीजों और बच्चों को ठंड से बचाना बहुत जरूरी है। इस मौसम में लापरवाही बरतने से इनकी सेहत खराब होने का डर ज्यादा है।