चंदौली। जिले के सरकारी राशन की दुकानों पर बिजली उपभोक्ता अपने बकाए बिल का भुगतान कर सकते हैं। इसके लिए कोटेदारों को जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह और बिजली विभाग के इंजीनियरों ने बुधवार को सदर तहसील सभागार में प्रशिक्षण दिया। जिसमें सदर तहसील क्षेत्र के कोटेदार और आपूर्ति निरीक्षक शामिल हुए। साथ ही अफसरों ने कोटेदारों से डेमो भी कराया।
सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर ई पॉस मशीन के माध्यम से कार्डधारकों को राशन दिया जाता है। अब इसी मशीन के माध्यम से बिजली बिल जमा कराने की सुविधा बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी। समस्या से निजात मिलने के साथ उपभोक्ताओं को सरकारी दफ्तरों का चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी। जिला आपूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बिजली का बिल जमा कराने पर ग्रामीण क्षेत्र के कोटेदार को प्रति उपभोक्ता 16 रुपये और नगरी क्षेत्र में दस रुपये कमीशन दिया जाएगा। कहा कि जिले के सभी तहसीलों में कोटेदारों को प्रशिक्षण के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा। जिसमें बिजली विभाग के इंजिनियर और आपूर्ति विभाग के अफसर उपस्थित रहेंगे। इस दौरान कोटेदारों से डेमो भी कराया जाएगा। ताकि आगे उन्हे किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। इस दौरान बिजली एक्सईएन एके सिंह, जीके वर्मा उपस्थित रहे।