चंदौली। वाणिज्य कर और लोक निर्माण विभाग की राजस्व वसूली संतोष जनक न पाए जाने पर डीएम संजीव सिंह ने नाराजगी अधिकारियों को फटकार लगाई। चेताया कि लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों संग राजस्व वसूली की समीक्षा की।
डीएम ने परिवहन विभाग को अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कहा कि जिले में ओवरलोड वाहनों का संचालन नहीं होना चाहिए। ऐसे वाहनों का चालान करने के साथ ही जुर्माना लगाएं। आबकारी विभाग की ओर से शराब की दुकानों की नियमित जांच करने का निदे्रश देते हुए कहा कि अवैध शराब बेचने वालों पर शिकंजा कसें। तहसीलदार सभी प्रकार के देयों की वसूली में तेजी लाएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वादों का निस्तारण समय से होना चाहिए। जिलाधिकारी ने वनाधिकारी से कटान एवं नीलामी की जानकारी ली। कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निपटारा समयबद्ध ढंग से किया जाना चाहिए। कोई भी शिकायत डिफाल्टर की श्रेणी में शामिल नहीं होनी चाहिए। ऐसा हुआ तो कार्रवाई होगी। उन्होंने तालाबों, चारागाहों व सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमणमुक्त कराते हुए सरकारी उपयोग में लाने के निर्देश दिए।