चंदौली। कमालपुर क्षेत्र में बीते दिनों हुई सड़क दुर्घटना में घायल श्रमिकों का हाल जानने रविवार को जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह जिला चिकित्सालय पहुंचे। इस दैरान घायलों के परिजनों की उचित इलाज न मिलने की शिकायत पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सीएमएस से मिलकर उन्होंने घायल श्रमिकों का समुचित इलाज किए जाने की मांग की।
कमालपुर दलित बस्ती की श्रमिक महिलाएं नरवन परगना के डैना गांव में पिकअप से रोपनी करने जा रहीं थीं। रास्ते में सिकठा गांव के समीप चालक का संतुलन बिगड़ने से पिकअप पलट गया। इससे पिकअप पर सवार लगभग 40 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल पहुंचे जिला पंचायत सदस्य को घायलों के परिजनों ने बताया कि घायलों का इलाज कर उन्हें दवा तो दी जा रही है लेकिन कोई बड़ा डाक्टर मरीजों के पास नहीं जा रहा है। साथ ही चार दिन से एडमिट मरीजों का सीटी स्कैन तक नहीं हो पाया है। इस मौके पर काजू मिश्रा, अंगद खरवार, अमित राम, रवि किरण सिंह, अशोक यादव रहे। संवाद