पीडीडीयू नगर। छात्रसंघ चुनाव की तिथि की घोषण किये जाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार की शाम छात्र नगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री पीजी कालेज के गेट के बाहर धरने पर बैठ गये। छात्रों ने चेतावनी दी कि कालेज प्रशासन जब तक तिथि की घोषणा नहीं कर देता तब तक धरना जारी रहेगा। उधर दूसरी तरफ कालेज प्रशासन के अनुसार छात्रसंघ चुनाव को लेकर प्रस्तावित तिथियों पर जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिल पायी है।
विधानसभा चुनाव को देखते हुए छात्र नेता जल्द से जल्द छात्रसंघ चुनाव कराना चाहते हैं। सकलडीहा पीजी कालेज में छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषणा होने के बाद लाल बहादुर शास्त्री पीजी कालेज के छात्र नेता भी छात्रसंघ का चुनाव कराने की मांग करने लगे हैं। छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित किये जाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार की शाम छात्र नेता लाल बहादुर शास्त्री पीजी कालेज के गेट के सामने धरने पर बैठ गये। छात्र नेताओं ने कहा कि कालेज प्रशासन की ओर से अब तक चुनाव तिथि घोषित नहीं की गयी है। जबकि सकलडीहा पीजी कालेज प्रशासन की ओर से वहां छात्रसंघ चुनाव की तिथि की घोषण कर दी गई है। आरोप लगाया कि कालेज प्रशासन छात्रसंघ चुनाव को किसी प्रकार टालना चाहता है। छात्रों ने चेताया कि जब तक छात्रसंघ चुनाव की तिथि की घोषण नहीं होती है तब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान अभिषेक कुमार, अम्मान अहमद, अम्मार सिद्दकी, अभिषेक मेहता, कमलेश यादव,सूरज यादव, कृष्णकांत, राहुल पलवान, आशीष कुमार, अशोक कुमार, दिलीप कुमार, अभिषेक, गुलशन, गोलू मौजूद रहे। इस संबंध प्राचार्य डॉ. उदयन मिश्रा ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव को लेकर तिथि प्रस्तावित की गई थी लेकिन जिला प्रशासन की ओर से अभी स्वीकृति नहीं मिली है। बताया कि जिला प्रशासन से स्वीकृति मिलते ही तत्काल छात्रसंघ चुनाव कराया जाएगा।