सकलडीहा के डैना गांव में पानी निकासी के लिए प्रदर्शन करते ग्रामीण।
विकास खंड के डैना गांव में पिछले दस वर्षों से नाबदान का पानी सड़क पर बह रहा है। कई बार शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर रविवार को प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चेतावनी दी कि जल्द ही पानी निकासी की उचित व्यस्था नहीं हुई तो उग्र आंदोलन होगा।
ग्रामीणों के अनुसार पूर्व में डैना गांव बरठी न्याय पंचायत के अंतर्गत था लेकिन इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्रामीणों ने डैना को न्याय पंचायत बनाने की गुहार लगाई। बाद में इसे ग्राम सभा का दर्जा दिया गया। चुनाव के बाद भी नालियों की मरम्मत नहीं हुई। स्थिति यह है कि गांव के मुख्य मार्ग में जर्जर नालियों की वजह से घरों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इसकी वजह से लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों ने गांव में क्षतिग्रस्त नालियों को ठीक करवाने के लिए कई बार तहसील दिवस में जिले के उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन अधिकारियों ने उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया। । विरोध प्रदर्शन में रामसेवक, संजय, अच्छे, लाला यादव, राजेश यादव, लक्ष्मण यादव, मूराहू, चुन्नी साव, बेचन, वकील यादव, सूबेदार आदि शामिल रहे। इस बावत पूछे जाने पर बीडीओ दिलीप सोनकर ने बताया कि गांव की जर्जर नालियों की जानकारी नहीं थी। जल्द ही ग्राम सभा निधि से नालियों को ठीक कराया जायेगा।