सकलडीहा क्षेत्र के ताजपुर गांव की बहू बबली ने तलवारबाजी (फेंसिंग) में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
जम्मू-कश्मीर में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का फाइनल 12 मार्च 2026 को खेला गया, जिसमें देशभर की 33 पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया।
बुधवार को जब बबली अपने गांव ताजपुर पहुंचीं, तो परिवारजनों ने उनका जोरदार स्वागत किया। सास सावित्री की खुशी देखते ही बन रही थी। उन्होंने बहू को मिठाई खिलाते हुए बलइयां लीं और भावुक होकर कहा, ऐसी बहू सबको मिले। वहीं ससुर बच्चन कन्नौजिया ने गर्व जताते हुए कहा कि बहू की वजह से जिले में उनका नाम रोशन हुआ है।
बबली के पति रोहित कन्नौजिया ने बताया कि वह वर्तमान में रिजर्व पुलिस, कानपुर में तैनात हैं और वर्ष 2018 में पुलिस विभाग में शामिल हुई थीं। पिछले एक वर्ष से वह तलवारबाजी का लगातार अभ्यास कर रही थीं। उन्होंने इससे पहले भी प्रदेश स्तर पर कई पदक जीते हैं, लेकिन ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता में सफलता मिलने पर उन्हें कांस्टेबल से हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नति भी मिली है। बबली की इस उपलब्धि से गांव और क्षेत्र में गर्व का माहौल है, वहीं युवाओं को भी खेल के प्रति प्रेरणा मिल रही है।