कंदवा। क्षेत्र के भदखरी-दरौली मार्ग पर खुरहट गांव के पास गंदे नाले पर बनी रेलिंग विहीन जर्जर पुलिया खतरनाक हो गई है। ग्रामीणों ने कई बार सिंचाई विभाग और क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों से गुहार लगाई लेकिन आज तक पुलिया और रेलिंग की मरम्मत नहीं हो सकी है। इसे लेकर क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है।
नाले पर बनी पुलिया की रेलिंग टूट गई है। उसका स्लैब भी जर्जर हो गया है। रेलिंग न होने के चलते कई वाहन सवार नहर में गिरकर घायल हो चुके हैं। लोगों ने कई बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी गुहार लगाई लेकिन आज तक उनकी समस्या का निदान नहीं हो सका है। क्षेत्र के विजय शंकर सिंह, जोगी सिंह और प्रवीन सिंह का कहना है कि विभागीय अधिकारियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की लापरवाही का खामियाजा क्षेत्रीय लोगों को उठाना पड़ रहा है। अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोग इस पुलिया से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। कई बार गुहार के बाद भी सिंचाई विभाग ने पुलिया के मरम्मत की जहमत नहीं उठाई है। क्षेत्र के नरेंद्र सिंह, गणेश सिंह, श्यामलाल राम, अमेरिका राम, त्रिभुवन बिंद आदि ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए पुलिया व रेलिंग के निर्माण की मांग की है। इस संबंध में सिंचाई विभाग के एक्सईएन सर्वेशचंद्र सिन्हा ने बताया कि जर्जर पुलियों की मरम्मत हो रही है । शीघ्र ही इस पुलिया की भी मरम्मत करा दी जाएगी।