नौगढ़। काशी वन्यजीव प्रभाग रामनगर के डीएफओ द्वारा कोरोना काल में आश्वासन दिए जाने के बाद भी मांगों को पूरा नहीं किए जाने से नाराज दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारी संघ के सदस्यों ने रविवार को चंद्रकांता वन विश्राम गृह पर सभा कर डीएफओ दिनेश सिंह पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए नारेबाजी भी की। चेताया कि पांच सूत्री मांगों को समय रहते पूरा नहीं किया गया तो संघ के बैनर तले जयमोहनी रेंज कार्यालय के समक्ष आंदोलन किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे संघ के जिलाध्यक्ष विश्वनाथ यादव ने कहा कि प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर दिनेश सिंह ने पिछले साल चल रहे धरनास्थल पर आकर वनकर्मियों की समस्याओं को पूरा करने को लेकर एक समझौता किया था परंतु उसका अनुपालन नहीं किया गया है। मुख्य अतिथि राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रदेश संरक्षक त्रिवेणी प्रसाद खरवार ने कहा कि मांगों को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल दो बार प्रभागीय कार्यालय में डीएफओ से मिला था। इसमें कर्मियों की समस्याओं को सुलझाने के लिए आश्वासन दिया गया था। राज्य कर्मचारी महासंघ के सलाहकार व दैनिक वेतन भोगी संघ के संरक्षक रमाशंकर सिंह यादव ने कहा कि डीएफओ के अड़ियल रुख से संगठन को बार-बार आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ता है। बैठक में कार्यकारिणी के लिए नौ सदस्यों द्वारिका मोदनवाल, लक्ष्मण प्रसाद, अफरोज खां, बाबू नंदन, मुंशी, राजकेश, असलम, संतलाल, मकसूद का मनोनयन किया गया। इस मौके पर रामरतन चौहान, शिवकुमार विश्वकर्मा, कांता प्रसाद रहे। संचालन कमलेश यादव ने किया।