सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर के मुख्य बाजार स्थित रेलवे क्रासिंग पर लगे बैरियर को पार कर ट्रैक किनारे खड़े बाइक सवार युवक की बृहस्पतिवार को पुरूषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट आ जाने से मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस शव और उसकी मोटरसाइकिल को थाने ले आई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। युवक लखनऊ स्थित एक कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था।
सैयदराजा थाना क्षेत्र के परेवा गांव निवासी बरसाती चौबे का बड़ा पुत्र शिवम चौबे (20) बृहस्पतिवार को बाइक लेकर पिता की दवा लेने सैयदराजा बाजार आया हुआ था। जैसे ही मुख्य बाजार स्थित रेलवे क्रासिंग पर पहुंचा। थोड़ी देर में ट्रेन के गुजरने के कारण क्रासिंग पर लगा बैरियर बंद मिला। इसके बाद शिवम अपनी बाइक को किनारे से निकाल कर रेलवे ट्रैक के किनारे खड़ा हो गया।
उसी समय तेज रफ्तार पुरूषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस दौरान उसकी बाइक के परखच्चे उड़ गये। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची सैयरदाजा थाने की पुलिस शिवम के शव व बाइक को उठाकर थाने ले आई। बाद में इसकी सूचना लोगों ने उसके परिवार को दी। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। सूचना के बाद थाने पहुंचे मृतक के पिता व उसके छोटे भाई शुभम (16) का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
अलीनगर थाना क्षेत्र के पटपरा गांव के समीप बुधवार की देर रात किसी ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए शव गृह में रख दिया। अलीनगर थाना क्षेत्र के पटपरा गांव के समीप पटना बक्सर डाउन लाइन पर बुधवार की देर रात ट्रेन की चपेट में आने से 30 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गई। इसकी जानकारी सुबह रेल कर्मियों ने पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया। लेकिन बृहस्पतिवार की देर शाम तक युवक का शिनाख्त नहीं हो पाया। पुलिस ने शिनाख्त के लिए शव को शव में रख कर अगली कार्रवाई में जुटी है। इस संदर्भ में अलीनगर थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि युवक की पहचान नहीं हो सकी है। शिनाख्त का पूरा प्रयास किया जा रहा है।