राजकीय रेलवे पुलिस ने शनिवार की रात चेकिंग के दौरान स्थानीय स्टेशन से दो युवकों को 22 किलो 500 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों अफीम पश्चिम बंगाल से जोधपुर ले जा रहे थे। दोनों पहले भी तस्करी के आरोप में पकड़े जा चुके हैं। दोनों आरोपी मुहम्मद अख्तर और मुहम्मद शाहिद कालियाचक मालदा के निवासी हैं।
जीआरपी की टीम शनिवार की रात स्टेशन पर संदिग्धों की तलाश कर रहे थी। रात 11 बजकर 20 मिनट पर प्लेटफार्म संख्या 5/6 पर दो युवक संदिग्ध हाल में दिखे। तलाशी लेने पर उनके पास से अफीम बरामद हुआ।
कोतवाली में अफीम का वजन 22 किलो पांच सौ ग्राम हुआ। कोतवाली में पत्रकारों से बातचीत में सीओ रेलवे वाराणसी परिक्षेत्र शेषनाथ यादव ने बताया कि टीम की इस सफलता पर एडीजी रेलवे ने बीस हजार रुपये इनाम की घोषणा की है। दोनों ने बताया कि अफीम बंगलादेश से आती है और कोई रबीउल शेख उन्हें सामान उपलब्ध कराता है। इसे वे पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा में अच्छी कीमत पर बेचते हैं। दोनों ने बताया कि वे शादिक शेख गैंग के लिए काम करते हैं और गैंग के मुखिया फिरोज शेख का पुत्र पकड़ लिया गया है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि दोनों पहले भी इसी मार्ग से नशीला पदार्थ की तस्करी कर चुके हैं। माल बरामद करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक त्रिपुरारी पांडेय के साथ एसएसआई केदारनाथ मौर्य, सुजीत कुमार ओझा, कांस्टेबल श्रीश चंद द्विवेदी, जितेंद्र सिंह आदि रहे।