कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लाठ नंबर दो स्थित एक मकान में सोमवार की रात किराये पर रह रहे दो लोगों के कमरों का ताला तोड़कर चोरों ने नगदी, गहने व अन्य सामान हाथ उड़ा दिए। मंगलवार की सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पूछताछ की। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर दे दी है।
नगर के लाठ नंबर दो स्थित बाबू लाल के बगीचे के समीप संजय प्रजापति के घर में रिक्शा चालक मुन्नू बंगाली अपने परिवार संग और बिहार के कैमूर निवासी कूकर, पंखे बेचने वाले मिट्ठू कुमार किरायेदार हैं। सोमवार की रात में अत्यधिक गर्मी होने के कारण सभी कमरों में ताला बंद करके छत पर सो रहे थे। मंगलवार की सुबह जब छत से नीचे उतर आये तो चोरी का पता चला। मुन्ना ने बताया कि बेटी की शादी के लिए बक्से में रखे पचहत्तर हजार रुपये, सोने के दो झुमके गायब हैं। साथ ही गुल्लक के रुपये भी चोर लेते गए। जबकि मिट्ठू के मुताबिक बक्से में रखे पचीस हजार रुपये, 12 पंखे व चार कूकर गायब थे।
इनसेट
एक रात में तीन दूकानों को खंगाला
मुगलसराय कोतवाली के अंतर्गत पड़ाव -रामनगर मार्ग पर जलीलपुर गांव में चोरों ने सोमवार की रात में तीन दूकानों को निशाना बनाया। यहां से चोरों ने नकदी सहित हजारों रुपये मूल्य के सामान चुरा लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने छानबीन की। चोरों ने पहला निशाना आनंद मेडिकल को बनाया। शटर को चांड़कर चोर अंदर घुसे और कैश काउंटर तोड़कर तीस हजार नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दूकानदार विनोद कुमार गुप्ता ने सुबह इसकी तहरीर चौकी पुलिस को दी। इसी तरह चोरों ने रेलवे लाइन पुलिया के पास जय राम पान वाले की दूकान में पटिया तोड़कर सात हजार नकदी चुरा लिया। जबकि इससे सटे कमरे का ताला तोड़कर बर्तन ,डिनर सेट, पंखा आदि चुरा लिया। चोरी की इस घटना से इलाके में दहशत है।