सिंचाई विभाग के बेलदार और मेठ को बंधक बनाने वाले भुदहुआ गांव के युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जिलाधिकारी कुमार प्रशांत के निर्देश के बाद मेठ मनोज तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को आठ युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
खरीफ सत्र के पिक सीजन में एकौनी माइनर में सिंचाई विभाग द्वारा पानी न छोड़े जाने से भुदहुआं गांव के युवक नाराज थे। युवकों ने कई बार माइनर में पानी छोड़ने की मांग की थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज युवकों ने पिछले दिनों बेलदार और मेठ मनोज तिवारी को बंधक बना लिया था। अधिकारियों के समझाने बुझाने पर युवक माने और बेलदार और मेठ को बंधनमुक्त किया था। मामला संज्ञान में होने पर जिलाधिकारी ने युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्देश पुलिस को दिया था।
मेठ मनोज तिवारी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अजय यादव, राजकुमार यादव, राजेश, शहाबुद्दीन, महेंद्र, अनवर, जोगिंदर यादव सहित आठ युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। भारतीय किसान संघ ने युवकों पर मुकदमा दर्ज किए जाने का विरोध किया है। संगठन के महामंत्री अखिलेश सिंह का कहना है कि युवकों पर मुकदमा दर्ज करना सरासर गलत है। उन्होंने मुकदमा वापस लेने की मांग की है।