बालक की मौत के बाद चक्काजाम करते ग्रामीण।
बलुआ थाना क्षेत्र के रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम आश्रम के समीप शुक्रवार की शाम बोलेरो की चपेट में आने से रामगढ़ निवासी राजू गुप्ता के पुत्र गोलू (12) की मौत हो गई। वहीं डेढ़ावल निवासी सुल्तान खां घायल हो गया। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने शव को रामगढ़-चहनियां मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना के बाद पहुंचे उपजिलाधिकारी सकलडीहा जवाहरलाल श्रीवास्तव ने लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने। रात साढ़े आठ बजे समझाने बुझाने पर लोगों ने जाम को खत्म कर दिया।
रामगढ़ निवासी राजू गुप्ता का पुत्र गोलू कीनाराम आश्रम के समीप स्थित जूस की दुकान पर काम करता था। लक्ष्मणगढ़ निवासी बैकुंठ पांडेय और मदन पांडेय रामगढ़ कीनाराम आश्रम के समीप बोलेरो सीख रहे थे। वापस लौटते समय बोलेरो का स्टेयरिंग फेल हो गया और वाहन जूस की दुकान को रौंदते हुए आगे निकल गया। इसकी चपेट में आने से गोलू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दुकान के समीप खड़े डेढ़ावल निवासी सुल्तान खां घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने बोलेरो को रोक लिया और बोलेरो चालकों की जमकर धुनाई की। घटना से नाराज ग्रामीणों ने बालक के शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण मौके पर डीएम को बुलाने और मुआवजे की मांग कर रहे थे।
सूचना के बाद उपजिलाधिकारी सकलडीहा जवाहरलाल श्रीवास्तव मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं मानें। साढ़े आठ बजे जाम खत्म कर दिया गया।