कोतवाली क्षेत्र के छित्तमपुर गांव के सामने गुरुवार की शाम मामूली विवाद में एक व्यक्ति को चाकू मारने की घटना प्रकाश में आई। पीड़ित जीतनराम का आरोप है कि डिहवां गांव के कुछ लोगों ने उसके ऊपर जान लेवा हमला किया। पीड़ित ने कोतवाली में चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही में जुट गई है।
धरना गांव निवासी जीतनराम (62) ने बताया कि गुरुवार को अपने घर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान छित्तमपुर स्थित एक चाय की दुकान पर घात लगाए डिहवां निवासी चार लोगों ने उनके ऊपर चाकू से हमला कर दिया। जिससे उनके गर्दन और चेहरे पर गंभीर चोटें आई। स्थानीय लोगों द्वारा घटना स्थल पर पहुंचने पर आरोपी मौका देखकर फरार हो गए। पीड़ित जीतनराम ने डिहवां गांव के श्यामजी यादव, रामजी यादव, सुक्खू और विजय पर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ अलीनगर थाने में चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर डिहवां गांव के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत है। बताया कि मामला जमीन संबंधी विवाद से जुड़ा है।