सकलडीहा/ कमालपुर(चंदौली)। धीना थाना के पिपरी कुटिया गांव में मंगलवार को दोपहर बाद दो बजे के करीब ढाई बीघा भूमि के विवाद में एक पक्ष से असलहा लेकर पहुंचे लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों के घरों पर अंधाधुंध फायरिंग की। गोली लगने से वृद्ध सहित तीन लोग जख्मी हो गए। इसके पूर्व हमलावरों ने गांव में तैनात धीना थाने के कांस्टेबल और होमगार्ड को भी मारपीट कर जख्मी कर दिया। घटना के बाद घायलों को सकलडीहा सीएचसी पहुंचाया गया। यहां वृद्ध की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर भेज दिया। वहीं तनाव को देखते हुए पीएसी सहित कई थानों की फोर्स को तैनात कर दी गई है। पीड़ित पक्ष के लोगों ने आठ के खिलाफ तहरीर दी। इसके आधार पर दो को गिरफ्तार किया गया है।
पिपरी कुटिया गांव के मिश्री राजभर और नोनार निवासी रणजीत सिंह के बीच 18 वर्षों से ढाई बीघा भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। मिश्री राजभर की ओर से सदर एसडीएम, एडीएम, सिविल जज जूनियर और अपर जिला जज के यहां मुकदमा चल रहा है। भूमि पर लंबे समय से मिश्री राजभर का कब्जा भी है। बताया जाता है कि वर्षों पूर्व मिश्री राजभर की बड़ी माता कमला देवी ने ढाई बीघा भूमि नोनार निवासी रणजीत के नाम बैनामा कर दिया था। तीन दिन पूर्व मिश्री ने उस जमीन में धान की फसल लगाई तो रणजीत को नागवार लगी और विवाद हुुुआ था, लेकिन समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया गया। मंगलवार को दोनों पक्षों को सकलडीहा तहसील पर बुलाया भी गया था। इसके मद्देनजर धीना थाने से एक कांस्टेबल मोती लाल मौर्य और होमगार्ड मुन्ना शर्मा को तैनात कर दिया गया। आरोप है कि रविवार को दिन में दो बजे के करीब रणजीत एक दर्जन बाइक पर बीस से पचीस लोगों के साथ पहुंचा। सभी के हाथ में असलहे थे। सभी ने पहले तो सिपाही और होमगार्ड को मारपीट कर जख्मी कर दिया। इसके बाद राजभर बस्ती में मिश्री के घर को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली मिश्री राजभर के श्वसुर शंकर राजभर (65) के सिर में लगी जबकि गोलियों के छर्रे से मिश्री की भाभी पुष्पा (37) और साला अनिल राजभर (28) को लगी। सभी गिरकर छटपटाने लगे। फायरिंग करने के बाद हमलावर वहां से भाग निकले। बाद में लोगों ने तीनों घायलों को सीएचसी सकलडीहा पहुंचाया। यहां शंकर राजभर की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया।
घटना की सूचना सीओ सकलडीहा त्रिपुरारी पांडेय, एएसपी देवेन्द्रनाथ, एसडीएम रामसजीवन मौर्य आदि फोर्स के साथ पहुंच गए। इस मामले में मिश्री राजभर की तहरीर पर धीना पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज की है। पुलिस ने दो को गिरफ्तार किया है। एहतियात के तौर पर पीएसी व कई थानों की फोर्स को तैनात किया गया है।
कमालपुर। भूमि विवाद में फायरिंग के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर एएसपी देवेन्द्रनाथ ने कमालपुर चौकी इंचार्ज सत्यनरायन शुक्ला को निलंबित कर दिया है। एएसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ग्रामीणों की शिकायत पर चौकी इंचार्ज को निलंबित किया गया है और जोभी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सकलडीहा। सपा नेता मिश्री राजभर के घर हुई गोली बारी की घटना मिलते ही सपाई उग्र हो गए। सकलडीहा अलीनगर तिराहे पर पहुंचकर सपा नेता चाखन यादव और सेचन सिंह यादव के नेतृत्व में धरना पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे तहसीलदार पीसी यादव ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना प्रदर्शन समाप्त कराया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, नफीस अहमद, महेन्द्र राजभर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह मुन्ना, सिंटू यादव मौजूद रहे।
सकलडीहा। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल शंकर राजभर दर्द से तड़प रहे थे। पुलिस और परिजनों की सूचना के बाद डेढ़ घंटा विलंब से एंबुलेंस पहुंचने पर ग्रामीणों ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया। प्रभारी कोतवाल सुबोध तोमर सहित अन्य लोगों के समझाने के बाद घायल को ट्रामा सेंटर भेजा जा सका।
सकलडीहा। भूमि विवाद को लेकर सपा नेता मिश्री राजभर ने कमालपुर चौकी प्रभारी सत्यनारायण शुक्ला को अवगत कराया था। चौकी प्रभारी गांव पहुंचकर संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचने को कहकर चल दिए। एक सिपाही मोती लाल मौर्य और मुन्ना शर्मा होमगार्ड को छोड़ चले आये थे। इसी बीच बदमाश पहुंचकर ताबड़तोड़ गोली चलाने लगे। पुलिस वालों के विरोध करने पर मारते पीटते व धक्का मारते हुए भाग निकले।
कमालपुर। शंकर राजभर अपनी पुत्री के ससुराल पिपरी कुटिया गांव में पिछले 15 वर्षों से रहकर बंटाई पर खेत लेकर खेती करता था। घटना के वक्त वह अपनी पुत्री के घर पर ही था। बदमाशपहले शंकर को गोली मरते हुए मिश्री राजभर के घर मे घुस गए। घर मे मिश्री की भाभी पुष्पा देवी को मार पीट कर घायल कर दिया। पुष्पा ने बताया कि देवर मिश्री को गलियां देते हुए पूछ रहे थे कि मिश्री कहां है यह कहते हुए करीब 20 राउंड गोलियां चलाई। इससे गांव के लोग दहशत में हो गए। बदमाशों का विरोध करने की किसी की हिम्मत नही हुई।