पीडीडीयू नगर। नये वर्ष की पूर्व संध्या पर सुरक्षा के मद्देनजर सोमवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने डाग स्क्वायड के साथ सभी प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, वाहन स्टैंड और विभिन्न ट्रेनों में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की।
उच्चाधिकारियों ने नये वर्ष पर ट्रेनों और स्टेशन की सुरक्षा पर विशेष निगाह रखने का निर्देश दिया। इसको देखते हुए दोपहर एक बजे जीआरपी पीडीडीयू प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह, अतिरिक्त निरीक्षक राजेश कुमार, आरपीएफ पीडीडीयू निरीक्षक बीएन मिश्र, डाग स्क्वायड की टीम के साथ दल बल के साथ प्लेटफार्म संख्या दो से जांच पड़ताल शुरू की। आठों प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, यात्री हाल, फुट ओवरब्रिज और विभिन्न ट्रेनों में जांच पड़ताल की। इस दौरान बैग आदि की तलाशी ली। इसके बाद टिकट काउंटर, रिजर्वेशन काउंटर और यात्री हाल की सघन तलाशी ली। बाद में सर्कुलेटिंग एरिया की जांच पड़ताल की। इस दौरान संदिग्ध स्थिति खड़े युवाओं की जांच पड़ताल की। बाद में आटो स्टैंड पर वाहनों की तलाशी ली। टीम ने सर्कुलेटिंग एरिया में स्थित स्टेट बैंक की शाखा में पहुंच कर जांच पड़ताल की। सुरक्षा कर्मियों ने यात्रियों को सतर्क रहने, अनजान व्यक्तियों से खाने पीने की वस्तु न लेने, कहीं संदिग्ध वस्तु दिखने पर इसकी सूचना आरपीएफ अथवा जीआरपी को देने को कहा। इस संबंध में जीआरपी प्रभारी आरके सिंह और आरपीएफ इंस्पेक्टर बीएन मिश्र ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर इस तरह के अभियान आगे भी चलाए जाएंगे।