सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के कई गांवों में चोरी की लगातार कई घटनाएं होने से लोगों के अंदर दहशत है। चोरों के डर से ग्रामीण रात में जागकर पहरा देने को विवश हैं। कोतवाली पुलिस चोरी की जानकारी होने पर सिर्फ मुकदमा दर्ज कर अपना कर्तव्य पूरा कर ले रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस के गश्त न करने से चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कोतवाली क्षेत्र में नईबाजार व डेढ़ावल चौकी होने के बाद भी इलाकों में लगातार चोरी की घटनाएं घट रही हैं। रात में पुलिस की गश्त कम होने चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। 30 मई को प्राथमिक विद्यालय डैना में ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान चुरा ले गए। एक जून को धरहरा गांव के सेना जवान व और पीडब्ल्र्यूडी ठेकेदार के यहां एक ही रात चोर दो घरों से आठ लाख रुपये के जेवर व 82 हजार नगदी चुरा ले गए। घटना के बाद पुलिस मौका मुआयना कर वापस लौट गई। इसके बाद सात मई को दिनदासपुर गांव के बृजेश चैहान के घर से चोर दो लाख रुपये के जेवरात सहित हजारों रुपए नकदी चुरा ले गए। एक दिन बाद ही आठ मई को चोर इटवा गांव के रिटायर्ड सेना के जवान प्रवीण राय के धावा बोलकर 18 हजार रुपये पार कर दिए। चोरी की इन सभी मामलों में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर खामोश बैठी है। चोरी के किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है। सीओ प्रदीप सिंह चंदेल का कहना है कि चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही मामलों का खुलासा कर दिया जाएगा।