पीडीडीयू नगर(चंदौली)। धानापुर थाना अंतर्गत नगवां चोचकपुर पीपा पुल पर शनिवार की देर शाम मैजिक से पास लेते समय पुल की पटरी टूटने से बाइक सवार तीन युवक बाइक सहित गंगा नदी में गिर पड़े। युवकों ने किसी तरह तैर कर जान तो बचा ली लेकिन बाइक गहरे पानी में चली गई।
चोचकपुर स्थित मौनी बाबा मंदिर में शनिवार को शादी समारोह का आयोजन में शामिल होने के लिए धानापुर थाना क्षेत्र के कोहड़ा गांव निवासी सोनू सिंह की बाइक से गांव निवासी बिट्टू गोंड (24), श्यामलाल बिंद (32) और लकी बिंद (20) जा रहे थे। जैसे ही तीनों नगवा चोचकपुर पीपा पुल पर पहुंचे, सामने से एक मैजिक वाहन आ गया। मैजिक को पास देने के लिए बाइक को किनारे लगा दिया। इसी बीच लकड़ी का स्लीपर जर्जर होने की वजह से टूट गया। स्लीपर टूटते ही बाइक समेत तीनों गंगा नदी में गिर गए। इस घटना से पुल पर अफरा तफरी मच गई। तीनों किसी तरह तैरकर बाहर निकल गए लेकिन बाइक गहरे पानी में चली गई। सूचना पाकर रविवार को बलुआ और चांदीपुर से गोताखोरों की टीम पहुंची और बाइक की खोजबीन दिन की। दिन भर खोजबीन के बाद भी बाइक का पता नहीं चला। इस संबंध में सीओ सकलडीहा प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि बाइक की खोजबीन की जा रही है।