धानापुर। थानाक्षेत्र के शहीदगांव बाजार में गुरुवार की रात चोरों ने तीन दुकानों का ताला तोड़ कर हजारों रुपये नगद सहित लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया है। चोर किराना, मिठाई और कपड़े की दुकान में लगे ताले को चटकाकर सामान उठा ले गए।
बाजार में शिवशंकर यादव के कटरे में राजगोविंद तिवारी के किराना स्टोर से लगभग 20 हजार नगद, एक बोरी दाल, तीन डब्बा रिफाइन तेल सहित अन्य किराना सामग्री उठा ले गए। घटना के बाद चोर पास में स्थित मनोज के मिठाई की दुकान का ताला तोड़कर बाक्स में रखे ढाई हजार रुपये नगद और काउंटर में रखी मिठाई लेकर चंपत हो गये। तीसरी घटना में चोरों ने जिला पंचायत सदस्य फ़िरोज अहमद के कटरे में रिजवान के कपड़े की दुकान को बनाया। दुकान का ताला मास्टर चाबी से खोलकर लगभग दस हजार नगद और महंगी साड़ियां और कपड़े उठा ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर बाजार के व्यापारी एकत्र होकर हो शोर मचाने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने भुग्तभोगियों से तहरीर लेकर जांच कर रही है। सीओ त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच जुट गई है। जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।