धानापुर। थाना क्षेत्र के नगवा पीपा पुल के समीप रविवार की रात संदिग्ध परिस्थिति में रामअवतार की गुमटी और मड़ई में आग लग गई। इससे गुमटी में रखे हजारों रुपये मूल्य के सामान नष्ट हो गए। भुक्तभोगी ने रंजिशवश आग लगाए जाने का आरोप लगाया है और थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। इसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मेढ़वा गांव निवासी राम अवतार नगवा गंगा घाट पर चाय, पान और मिठाई की दुकान चलाकर जीवन यापन करता है। दुकान के आगे ग्राहकों के बैठने के लिए मड़हा लगा हुआ था। रामअवतार के अनुसार पीपा पुल बनने के बाद से दुकान से बिक्री बढ़ गई और अन्य दुकानदारों से प्रतिस्पर्धा होने लगी है। रविवार की देर शाम वह दुकान बंद कर घर चला गया। आधी रात के वक्त दुकान और मड़ई में आग लग गई। मड़ई और गुमटी को जलते देख आस पास के लोगों ने रामअवतार को सूचित किया। जब तक आग बुझती दुकान जल कर नष्ट हो गया। रामअवतार के अनुसार आग लगने से पचास हजार से अधिक रुपये के मूल्य का सामान नष्ट हो गया है। भक्तभोगी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी दी है।