युवक ने युवती पर किया जानलेवा हमला
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती को उसके प्रेमी ने शादी का दबाव बनाने पर जान से मारने की कोशिश की। पीड़िता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने शिकायती पत्र देकर बताया कि वह नगर के ही एक मोहल्ले में किराए के मकान में रहती है। पिछले दो वर्ष से उसका एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि पीड़िता ने जब आरोपी से शादी करने का दबाव बनाया तो उसने शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद आरोपी युवक के किसी अन्य युवती से संबंध हो गए। आरोपी ने इस दौरान पीड़िता को जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। आरोप है कि गत 9 फरवरी को पीड़िता भूड़ की ओर से पैदल कालाआम आ रही थी। इस दौरान आरोपी युवक अपनी गर्लफ्रेंड के साथ वहां कार से आ पहुंचा और उसे पीछे से टक्कर मार दी, जिससे पीड़िता गंभीर रुप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपी ने महिला के पर्स से उसका मोबाइल, तीन हजार रुपये व अन्य कीमती सामान लूट लिया। पीड़िता की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, पीड़िता ने एसएसपी से मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।