बबुरी। चकिया पीडीडीयू नगर मार्ग पर रविवार की रात दस बजे दूदे गांव के समीप कार पलटने से युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग जख्मी हो गए। कार सवार सभी युवक अलीनगर निवासी थे और चकिया के सिकंदरपुर में त्रयोदशाह में शामिल होकर लौट रहे थे।
अलीनगर निवासी पंकज यादव (28), मुकेश (25),अमित यादव (26), अभिषेक यादव (27) , संतोष (25 ) और आंसू (28) रविवार को चकिया थाना अंतर्गत सिकंदरपुर में त्रयोदशाह में शामिल होने गए थे। देर रात वे कार से अलीनगर स्थित अपने घर को लौट रहे थे। स्थानीय थाना अंतर्गत चकिया पीडीडीयू नगर मार्ग पर दूदे गाव के पास पहुंचे ही थे कि एकाएक उनकी कार अनियंत्रित हो कर सड़क के किनारे नहर में पलट गई। घटना में पंकज यादव पुत्र कैलाश यादव निवासी आलमपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके बाकी साथी गम्भीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थानाध्यक्ष टीबी सिंह हमराहियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद् से पानी मे उतर कर घायलों व शव को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल निजी वाहन से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय चंदौली को भेजा। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त कार को थाने ले आई।