चंदौली। यूपी बोर्ड की इंटर विज्ञान द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा के दौरान मंगलवार को रमाशंकर इंटर कॉलेज अमड़ा मेें शिक्षक और परीक्षार्थी के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई और शिक्षकों ने मिलकर परीक्षार्थी को पीट दिया। मारपीट में छात्र घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र की तहरीर पर शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित छात्र विनय का कहना था कि शाम की पाली में इंटरमीडिएट विज्ञान द्वितीय प्रश्न पत्र देने के लिए परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दे रहा था। कक्षा में दो शिक्षिकाएं ड्यूटी में लगी हुई थी। इसी दौरान स्कूल के शिक्षक जावेद निरीक्षण पर थे। किसी जानकारी के लिए उन्होंने अध्यापिकाओं को बुला लिया। इस पर किसी छात्र ने कमेंट कर दिया। विनय के अनुसार शिक्षक ने आकर उससे गाली गलौज शुरू कर दी। जब विरोध किया गया तो शिक्षक मारपीट पर उतारू हो गए। आरोप लगाया कि शिक्षक ने गांव से कुछ लोगों को बुलाकर उसकी जमकर पिटाई की। वहीं शिक्षक जावेद का कहना है कि परीक्षा में नकल करने से रोकने पर छात्र ने परीक्षा के बाद देख लेने की धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घायल छात्र का मेडिकल कराकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।