मुगलसराय। रेलवे का निजीकरण, रेलवे में सेवानिवृत्त लोगों के भर्ती करने व रिक्त पदों को न भरे जाने से नाराज भारत की जनवादी नौजवान सभा के सदस्यों ने मंगलवार को मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर रेल चक्का जाम करने पहुंचे। सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को स्टेशन के बाहर ही रोक दिया । सर्कुलेटिंग एरिया स्थित हनुमान मंदिर के समीप सभा के बाद आंदोलनकारियों ने ज्ञापन आरपीएफ के अधिकारियों को सौंपा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोपहर 12 बजे भारत की जनवादी नौजवान सभा के सदस्य बैनर पोस्टर लेकर चकिया तिराहा से जुलूस निकाला। इसके पूर्व रेल रोके जाने की सूचना पर जीआरपी, आरपीएफ के साथ खुफिया विभाग के लोग सक्रिय हो गए। आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट एसके सिंह, जीआरपी प्रभारी आरके सिंह आदि लगातार नजर रखे हुए थे। जुलूस जैसे ही स्टेशन पर पहुंचा सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। इस पर सर्कुलेटिंग एरिया में हनुमान मंदिर के समीप सभा की। सभा के प्रांतीय महामंत्री राधेश्याम ने कहा कि केंद्र की सरकार केंद्रीय विभागों में लगभग पांच लाख पदों को समाप्त करके नई भर्ती करने से अपने कदम पीछे खींच रही। दूसरी तरफ वर्तमान सरकार दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा कर रही है। यह पूरी तरह विरोधाभासी है। बाद में मांगों से संबंधित ज्ञापन आरपीएफ अधिकारी को सौंपा। जुलूस और सभा में जालंधर, गुड्डू, रंगीला, रणजीत कुमार, मगरू, कमलेश, कन्हैया यादव, जैनुल आबदीन, रामभरोस, मितलू, सागर, जयप्रकाश, मुन्ना, सतीशचंद्र, मिठाईलाल आदि शामिल रहे। नेतूत्व प्रदेश अध्यक्ष साक्षी गुलाब ने की।