स्थानीय थाना क्षेत्र के धनेजा गांव में सोमवार की सुबह बंद कमरे में युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बबुरी थाना क्षेत्र धनेजा गांव निवासी गंगा सिंह मौर्या अपने परिवार के साथ रहा है। पिता के अनुसार हर रोज की भांति रविवार की रात भी मनीषा (22) अपने भाई के साथ भोजन करने के बाद सोने के लिए अपने कमरे में चली गई। इसके बाद पिता और पुत्र दोनों ही घर के बाहर सो गए। सुबह जब पड़ोस की महिलाएं जब मनीषा को जगाने के लिए घर का दरवाजा खटखटाने लगी तो भीतर से कोई जवाब नहीं मिलने पर सभी लोग परेशान हो उठे। बाद में मनीषा का भाई पड़ोस की छत से होकर घर में प्रवेश करके मुख्य दरवाजे को खोला तब जाकर पिता व अन्य लोग घर में प्रवेश किए और मनीषा को कमरों में ढूंढने लगे । इस दौरान एक कमरे का दरवाजा बंद मिला। जब लोगों ने कमरे का दरवाजा खोला तो देखा की मनीषा फंदे से झूली हुई है। बाद में उसे किसी प्रकार नीचे उतारा गया। मौके पर पहुंचे चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और थाने ले आई।