कंदवा। स्थानीय थाना के कंजेहरा गांव में सोमवार की रात खेत में आंबेडकर की मूर्ति स्थापित करने को लेकर दो पक्षों में तनाव हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मूर्ति को कब्जे में लेकर दलित बस्ती में ही रखवा दिया। इसे लेकर गांव में तनाव की स्थिति है। मूर्ति स्थापित करने वाले पक्ष का आरोप है कि मूर्ति तोड़ी गई है, जबकि पुलिस का कहना है कि मूर्ति तोड़ी नहीं गई है केवल उसे खेत से हटा दिया गया है। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्ष के 22 लोगों के खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की है।
कंजेहरा गांव में सोमवार की रात कुछ लोगों ने बस्ती से सटे लुरखुर यादव के खेत में मूर्ति स्थापित कर दी।सुबह जब गांव के लोग उधर गए तो खेत में आंबेडकर की मूर्ति स्थापित देख सन्न रह गए।जब इसकी जानकारी लुरखुर यादव के बहू रीमा को हुई तो वह अपनी लड़कियों के साथ मौके पर पहुंची और मूर्ति को चबूतरे से उठाकर खेत से बाहर स्थित सायर माता मंदिर के पास रख दिया। इस पर दलित बस्ती के लोगों ने 112 नंबर पर फोन कर घटना की सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंच गई। कुछ ही देर में मौके पर कंदवा और धीना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों से 22 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज की है। शाम को एसडीएम पीडीडीयू नगर प्रदीप मौर्य ने मौका मुआयना किया और मूर्ति को थाने में रखवाया।