पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आलू मिल चौराहे के समीप मंगलवार की शाम दो बाइक आपस में टकरा गईं। जिसमें बाइक सवार तीन लोग सड़क पर गिर गये। जब तक तीनों लोग कुछ संभल पाते तब तक सामने से आ रही तेज रफ्तार मालवाहक ने तीनों को कुचल दिया। घटना के बाद लोगों ने एक घायल को वहीं निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जबकि दो लोगों की हालत गंभीर देख उसे राजकीय महिला चिकित्सालय ले आये। जहां चिकित्सक ने आदित्य (18) को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके साथी राकेश को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं पुलिस पिकअप चालक समेत वाहन को पकड़ कर थाने पर ले आई आगे की कार्रवाई में जुट गई।
अलीनगर थाना क्षेत्र निवासी आदित्य (18) पुत्र उत्तम पासवान अपने साथी राकेश (26) पुत्र स्व.प्रेमचंद्र के साथ मंगलवार की शाम लगभग चार बजे बाइक से चकिया चौराहे की ओर जा रहे थे। इस दौरान मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हनुमानपुर निवासी शैलेंद्र (35) अपनी बाइक से कहीं से आ रहे थे। जैसे ही दोनों बाइकें आलू मिल चौराहे के समीप पहुंची की तभी दोनों आपस में टकरा गई। इस दौरान बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए। घटना के बाद जैसे ही तीनों लोग संभलने की कोशिश करते की तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे मालवाहक वाहन ने उन्हें कुचल दिया। घटना के बाद वहां आसपास लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इस दौरान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप चालक को वाहन समेत पकड़ लिया और थाने ले आई। वहीं पुलिस की दूसरी टीम शव को अस्पताल से कब्जे में लेकर थाने ले आई और आगे की कार्रवाई में जुट गई। घटना के बाद से मृतक के भाई व परिवार के अन्य सदस्य का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।