सैयदराजा। जनपद पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने शनिवार की शाम नौबतपुर में बन रहे बाबा कीनाराम राजकीय मेडिकल कालेज निर्माण का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदाई संस्था के डिप्टी जनरल मैनेजर रंगाराव जाला से मेडिकल कालेज निर्माण की पूरी जानकारी ली व कालेज के नक्शे को देखा। इसके बाद निर्माणाधीन बिल्डिंग को देखा और कार्य मानक के अनुरूप तय समय सीमा मे पूरा कराने को कहा।
उप मुख्यमंत्री के साथ पहुंचे विधायक सुशील सिंह ने भी बिल्डिंग निर्माण मे लगाए जा रहे ईट, गिट्टी, बालू व सरिया की क्वालिटी चेक की। उन्होंने बिल्डिंग की दीवारें व छत की ढलाई में उपयोग की गई सामग्रियों के सैंपल की बीएचयू में जांच कराने की बात कही। डिप्टी जनरल मैनेजर से कहा कि क्वालिटी मे कोई गडबड़ी नहीं होनी चाहिए। इस दौरान डीएम संजीव कुमार, एसपी अंकुर अग्रवाल, एसडीएम, सीएमओ, सकलडीहा सीओ अनिरुध्द सिंह, चकिया विधायक कैलाश खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ,चेयरमैन विरेंद जायसवाल, चंदौली चेयरमैन रविंद्र गोंड, राणाप्रताप सिंह, जितेंद्र पांडेय, उमाशंकर सिंह, अमन पांडेय रहे।