पीडीडीयू नगर। इंटरनेट के माध्यम से फैल रही चाइल्ड पोर्नोग्राफी की रोकथाम के लिए सीबीआई की टीम ने मंगलवार को देशभर में छापा मारा। इसी क्रम में लखनऊ से सीबीआई की टीम मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के लाठ नंबर दो निवासी एक युवक के यहां पहुंची। टीम पूछताछ के बाद युवक का मोबाइल फोन साथ ले गई। इस दौरान टीम चार घंटे से अधिक देर तक युवक के घर में रही।
सीबीआई लखनऊ की आठ सदस्यीय टीम निरीक्षक हेमंत राय के नेतृत्व में लाठ नंबर दो निवासी सूरज कुमार के घर पहुंची। टीम ने पूरे घर की तलाशी ली। इसके बाद सूरज के मोबाइल फोन की जांच की। मोबाइल फोन की गैलरी में कई अश्लील वीडियो मिले। इस तरह के कई व्हाट्सएप ग्रुप में भी उसका नंबर जुड़ा मिला। कक्षा पांच पास सूरज ने बताया कि दोस्ती के नाम पर वह ग्रुप से जुड़ गया था। ग्रुप में विदेशी नंबरों के लिंक आते थे। इसमें अश्लील वीडियो होते थे। लिंक पर क्लिक करने के बाद चंद सेकेंड के वीडियो के लिए रुपयों की मांग होती थी। बताया कि एक या दो बार उसने लिंक पर क्लिक किया था। कुछ दिनों पहले उसने कई ग्रुप डिलीट भी कर दिए थे।
पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के लाठ नंबर दो निवासी सूरज के यहां मंगलवार को छापा मारने से पहले ही सीबीआई की एक टीम दीपावली के पहले उसके घर आई थी। लोगों ने बताया कि उस दौरान सीबीआई के दो लोग बाइक खरीदने के बहाने सूरज के घर आए थे। उसके बाद चले गये थे। संवाद