चंदौली के शिकारगंज व शहाबगंज क्षेत्र के दो गांवों में सोमवार को बारिश के बीच बिजली गिरने से दो युवक व एक किशोर झुलस गए। उपचार के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शिकारगंज क्षेत्र के फिरोजपुर गांव निवासी आशा यादव (22) सोमवार को बिजली की चपेट में आने से झुलस गए। परिजनों ने उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। वहीं शहाबगंज क्षेत्र के रसिया गांव में सोमवार की दोपहर बिजली की चपेट में आकर एक युवक और किशोर झुलस गए। घायलों को संयुक्त जिला चिकित्सालय चकिया में भर्ती कराया गया। रसिया गांव निवासी विवेक कुमार (18) व द्रविलोक (16) पशुओं को चराने गए थे। इसी दौरान बारिश के साथ बिजली गिरी और दोनों झुलस गए।