विकास के आधार पर नीति आयोग की रैंकिंग में चंदौली जिला 67वें स्थान पर पहुंच गया जबकि सितंबर में देश में पहला स्थान मिला था। स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संसाधनों के क्षेत्र में विकास की रफ्तार कम होने के कारण जिला पिछड़ गया है।
नीति आयोग ने विकास के मामले में देश के 112 जिलों को आकांक्षात्मक घोषित किया है। इसमें चंदौली भी शामिल है। इसमें विभिन्न विभागों शिक्षा, स्वास्थ्य व पोषण, कृषि, स्वच्छता व कौशल विकास समेत अन्य बिंदुओं पर विभिन्न विभागों की ओर से विकास कराए जा रहे हैं। इसकी मानीटरिंग जिला प्रशासन की ओर से की जाती है और इसकी रिपोर्ट नीति आयोग को भेजी जाती है।
रिपोर्ट के आधार पर आयोग रैंकिंग निर्धारित करता है। सितंबर में जिले को पहला स्थान मिला था लेकिन नवंबर हुई रैंकिंग में 67वें स्थान पर पहुंच गया है। सीडीओ अजितेंद्र नारायण का कहना है कि नीति आयोग की रैंकिंग में नवंबर माह में जिला 67वें स्थान पर पहुंच गया है। किस स्तर पर विकास कार्यों में चूक हुई है, इसकी मॉनिटरिंग कर विभागों के अधिकारियों को सुधार के लिए कड़ी निर्देश दिए गए हैं।