स्थानीय पीजी कालेज में निर्धारित तिथि पर चुनाव कराने की मांग को लेकर रविवार को छात्रों ने भोजापुर तिराहे का मार्ग अवरुद्ध कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर उचित सहयोग दिलाने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। छात्रों ने चेताया कि निर्धारित समय पर चुनाव नहीं हुआ तो छात्र उग्र आंदोलन के लिये मजबूर होंगे।
कालेज प्रशासन द्वारा अधिकारियों की सहमति मिलने पर 14 अक्तूबर को चुनाव आचार संहिता जारी कर दिया। 18 अक्तूबर को नामांकन और 27 अक्तूबर को चुनाव कराने चुनाव अधिकारी द्वारा घोषणा कर दिया गया। दूसरे दिन पुलिस सहयोग प्रदान न होने पर कालेज प्रशासन द्वारा चुनाव तिथि टालने की सूचना जारी कर दिया गया। इसकी भनक लगते ही छात्रों ने प्राचार्य का घेराव कर दिया। मौके पर पहुंचे कोतवाल अजय अवस्थी ने त्योहार और वीआईपी डयूटी का हवाला देते हुए छठ पूजा बाद चुनाव कराने का आश्वासन दिया था।
मगर छात्रों ने पूर्व तिथि पर चुनाव कराने की मांग को लेकर रविवार को चंदौली सकलडीहा मार्ग पर भोजापुर तिराहा के समीप मार्ग अवरूद्ध कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर समझा जाम समाप्त कराया। इस मौके पर छात्र नेता आर्यन यादव, सुजीत, सूरज, सोनू, राहुल, करन, संदीप राय, राकेश, मेराज आदि मौजूद रहे।