पीडीडीयू नगर। तीन दिन से हो रही बारिश के कारण सोनभद्र को जोड़ने वाला नौगढ़ गंगापुर मार्ग व नौगढ़ चकरघट्टा मार्ग के बीच ब्रह्मनाला ड्रेन पर बना भैसौड़ा बांध के दोनों छलका पानी में डूब गए हैं। पानी छलका के तीन फीट ऊपर से बह रहा है। इससे जरहर-गंगापुर व चकरघट्टा मार्ग से जुड़े 25 गांव के लोगों का संपर्क मुख्यालय से टूट गया है। आने जाने का रास्ता पूरी तरह से अवरुद्ध है।
ब्रह्मनाला ड्रेन पर एकमात्र रपटा पुल बना है। इसी से होकर दानौगढां, टिकुरिया, गंगापुर, महादेवपुर, भंदई , बरबसपुर, रहमानपुर, लक्ष्मणपुर, परसहवा, परसिया, नौबाधी, बकुलघट्टा, पड़हवा, चकरघट्टा, बजरडीहा, परसिया, भैसौड़ा, बरवाडीह व अन्य गांव के लोगों का आना जाना होता है। भारी बरसात के कारण रपटा के ऊपर से पानी बह रहा है। नौगढ़ बाजार पहुंचने के लिए लोगों को 20 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि रपटा पुल की जगह पक्का पुल बनाने की मांग कई वर्षों से की जा रही है लेकिन पुल नहीं बनाया गया। इससे प्रतिवर्ष बारिश के दिनों में रोड पूरी तरह से प्रभावित हो जाता है और गांव के लोगों का आवागमन बंद हो जाता है।