पीडीडीयू नगर। पिछले एक सप्ताह से बैंक उपभोक्ताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कभी बैंककर्मियों की हड़ताल तो कभी साप्ताहिक छुट्टी के चलते उपभोक्ताओं के बैंक संबंधित कार्य लंबित पड़े रहे। वित्तीय वर्ष समाप्ति के बाद अप्रैल माह के पहले दिन शुक्रवार को भी बैंक में कोई कार्य नहीं हुआ। बैंक तो खुलेे रहे लेकिन आम उपभोक्ताओं को बिना कार्य के ही बैरंग की वापस लौटना पड़ा।
31 मार्च को वित्तीय वर्ष की समाप्ति के बाद भी बैंकों में क्लोजिंग नहीं हो सकी। कार्य को निपटाने के लिए नये वित्तीय वर्ष के पहले दिन शुक्रवार को बैंक की शाखाओं को आम उपभोक्ताओं के लिए बंद रखा गया। इस दौरान बैंककर्मी कार्यालय के भीतर रहकर अपना कार्य निपटाने में लगे रहे। जानकारी के अभाव में कई उपभोक्ता बैंकिंग संबंधित कार्य के लिए बैंक पहुंचे लेकिन कार्य नहीं होने पर उन्हें बैरंग वापस होना पड़ा।
दरअसल 26 मार्च को चतुर्थ शनिवार व 27 को साप्ताहिक छुट्टी के चलते बैंक बंद थे। इसके बाद 28 व 29 मार्च को बैंककर्मियों ने विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल की और बैंक बंद रखा। इसके चलते बैंकिंग कार्य प्रभावित रहा। लगातार चार दिनों की छुट्टी के चलते लोगों के बैंक संबंधित कई कार्य लंबित पड़ गये। इस बीच किसी प्रकार लोगों ने 30 व 31 को कार्य निपटाया लेकिन शुक्रवार को फिर से वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर कार्य निपटाने के लिए बैक बंद हो गये। इससे पूरे सप्ताहभर उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हुई। इस संबंध में बैंक ऑफ बड़ौदा स्टाफ एसोसिएशन के जिला महामंत्री विरेंद्र मिश्रा ने बताया कि पुराने वित्तीय वर्ष की समाप्ति के बाद कार्यो को निपटाने के लिए बैंकों को उपभोक्ताओं के लिए बंद रखा गया था।