दार्जलिंग के सैनिक पुरी ब्लॉक बी निवासी अनूप छेत्री (35) पुत्र टेक बहादुर छेत्री सेना 12 आसाम रेजिमेंट का सेना का जवान था। उनकी तैनाती कानपुर में थी। अनूप 18 जनवरी को नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से कानपुर से गुवाहाटी के लिए चले। वे ट्रेन के थर्ड एसी कोच बी-7 बर्थ संख्या 29 पर सवार थे।
ट्रेन जब पाटलिपुत्र पहुंची तो सहयात्रियों ने देखा कि बर्थ नंबर 29 का यात्री गायब है। जबकि बर्थ पर ही अनूप का पर्स, मोबाइल सहित अन्य सामान रखा था। सथियों ने इसकी सूचना दानापुर कंट्रोल और रेजिमेंट के अधिकारियों को दी। जवान के गायब होने की सूचना से हड़कंप मच गया। सेना के अधिकारियों के साथ पत्नी रीना छेत्री, बड़े भाई अमर छेत्री और छोटे भाई अमित ने भी तलाश शुरू की।
पीडीडीयू नगर स्टेशन पर फौजी की पत्नी
- फोटो : अमर उजाला
तलाश के बाद भी अनूप का पता नहीं चला। रविवार शाम रीना ने पीडीडीयू जंक्शन पर आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार को आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कमांडेंट जेथिन बी राज के निर्देश पर निरीक्षक ने प्रयागराज और दानापुर मंडल से संपर्क स्थापित कर हर स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला।
वहीं ट्रेनों से कटने की घटनाओं की जांच की। तफ्तीश में पता चला कि 19 नवंबर की अलसुबह धीना स्टेशन के समीप ट्रेन से कटकर एक व्यक्ति की मौत हुई थी। पुलिस ने लावारिस मान शव का अंतिम संस्कार कर दिया। रीना ने बरामद कपड़ों से मृतक की शिनाख्त पति अनूप छेत्री के रूप में की।
ड्यूटी से घर लौट रहा जवान की मौत रहस्य बना हुआ है। रेलवे ट्रैक पर मिला शव पूरी तरह क्षत विक्षत था। ऐसे में राजधानी एक्सप्रेस से नीचे कैसे आया, यह समझ के परे है। आशंका जताई जा रही है कि जवान दरवाजा खोलकर बाहर झांक रहा होगा और पोल से टकराने से नीचे गिर गया होगा लेकिन तेज रफ्तार भागती ट्रेन में ठंड के मौसम में कोई दरवाजा क्यों खोलेगा, इसका जवाब किसी के पास नहीं है।
सबसे बड़ी बात ट्रेन से नीचे गिरते हुए किसी ने नहीं देखा। नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस के बी-7 कोच में लगा सीसीटीवी कैमरा खराब मिला। इसकी वजह से अधिक दिक्कत हुई। धीना रेलवे स्टेशन के समीप मृत व्यक्ति की शिनाख्त डीएनए टेस्ट से होगी। इसके लिए शव के कपड़ों को सीलबंद कर कानपुर भेजा जा रहा है।