सोनू निगम के अजान को लेकर दिए बयान पर सिंगल बेंच की ओर से दी गई क्लीन चिट से ठंडा पड़ता विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। अब सिंगल बेंच के फैसले को डिविजन बेंच के सामने चुनौती दी गई है। सोनू निगम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की अपील को लेकर दाखिल एलपीए से एक बार फिर से सोनू निगम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस याचिका पर सोमवार को जस्टिस महेश ग्रोवर पर आधारित खंडपीठ सुनवाई करेगी।
इससे पहले सिंगल बेंच के सामने सोनू निगम के बयान को मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं भड़काने का वाला करार देते हुए याचिका दाखिल की गई थी। सिंगल बेंच ने अपने आदेश में कहा था कि मोहम्मद साहब ने जब इस्लाम धर्म की स्थापना की थी तो बिजली और माइक्रोफोन नहीं थे। लाउड स्पीकर से अजान मुस्लिम धर्म का अभिन्न अंग नहीं है। बॉलीवुड के प्ले बैक सिंगर सोनू निगम को क्लीन चिट देते हुए कहा गया था कि सोनू निगम के ट्वीट की समीक्षा से पता चलता है कि उन्होंने अजान को नहीं बल्कि लाउड स्पीकर के प्रयोग को गुंडागर्दी करार दिया था।