बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
कंदवा। अमड़ा विद्युत उपकेंद्र से संचालित ररुआ फीडर पर हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का सब्र का बांध मंगलवार टूट गया। लामबंद ग्रामीणों ने अमड़ा बिजली उपकेन्द्र पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर शिकायत दर्ज कराते हुए विभाग के उच्चाधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की। अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
अमड़ा विद्युत उपकेंद्र के ररुआ, धीना, जेवरियाबाद, ककरैत, असना, विश्व बैंक छह फीडरों से विकास खंड बरहनी के करीब 120 गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। अमड़ा विद्युत उपकेन्द्र पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ररुआ फीडर पर आए दिन अघोषित कटौती हो रही है। जिससे गर्मी के मौसम लोग परेशान हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। कहा कि मुख्य सप्लाई का तार जर्जर हालत में है। इससे आए दिन कहीं ना कहीं तकनीकी समस्या आती रहती है। ग्रामीणों की मांग थी कि जर्जर तारों को बदलते हुए ररुआ फीडर पर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त किया जाए। वहीं चेताया गया कि यदि आने वाले दिनों मे ररुआ फीडर की विद्युत व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो ग्रामीण वृहद आंदोलन के लिए बाध्य होगे। इस दौरान संजय, दीपक, महेन्द्र, उमेश, रामआशीष, अजय, विनोद रहे।