चहनिया। विकासखंड के मुहम्मदपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को स्कूल चलो रैली निकालकर ग्रामीणों व अभिभावकों को जागरूक किया। इस दौरान रैली में चल रहे शिक्षकों ने अभिभावकों से अपने बच्चों को स्कूल भेजने और उनका नामांकन कराए जाने की अपील की। रैली को विद्यालय के प्रधानाध्यापक धर्मदेव मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली गांव का भ्रमण करने के बाद विद्यालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के नामांकन के प्रति जागरूक किया गया। रैली के दौरान विद्यार्थी हम बच्चों का नारा है-शिक्षा का अधिकार हमारा है, शिक्षा ऐसी सीढ़ी है-जिससे चलती पीढ़ी है, आधी रोटी खाएंगे-स्कूल रोज जाएंगे आदि नारे लगाते चल रह थे। वहीं प्रधानाध्यापक सहित अन्य सभी शिक्षकों ने रैली के साथ गांव में भ्रमण कर अभिभावकों से अपने बच्चों को स्कूल भेजने व स्कूल में नामांकन के लिए प्रेरित किया। प्रधानाध्यापक ने कहा कि शासन की मंशा व जिला बैसिक शिक्षा अधिकारी सत्येंद्र सिंह के निर्देशानुसार रैली के माध्यम से ग्रामीणों व अभिभावकों को प्रेरित किया गया है। रैली में शिक्षक शारदा, अनुराग त्रिपाठी सहित सभी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।