पीडीडीयू नगर। धानापुर ब्लॉक के कादिराबाद गांव में अगहर वीर बहोरिया नदी पर 1.25 करोड़ रुपये से लघु सेतु का निर्माण कराया जाएगा।
ग्रामीणों की मांग पर पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड ने निर्माण की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेज दी है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। सेतु बनने से छह से ज्यादा गांवों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
अगहर वीर बहोरिया नदी पर पुल न होने के कारण किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में परेशानी होती है। बरसात के मौसम में नदी में जलस्तर बढ़ने पर उन्हें तीन से चार किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर आना-जाना पड़ता है।
कादिराबाद में लघु सेतु बनने से पिपरी, पसाई, डिलिया, कादिराबाद, खोर सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को सीधा रास्ता मिल जाएगा। इसके अलावा किसानों को खेती में भी सहूलियत होगी। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिकारियों के अनुसार शासन के निर्देश पर इंजीनियरों ने स्थल का चयन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर भेज दी गई है। मंजूरी मिलने और बजट जारी होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।