शहाबगंज। थाना क्षेत्र के ठेकहां गांव के समीप बुधवार को सुबह सात बजे के करीब सड़क के किनारे मिट्टी फेंक रहे जेसीबी की जद में आने से चकिया की तरफ बाइक से जा रहे सिहोरिया गांव निवासी 25 वर्षीय शाहिद नामक युवक की मौत हो गई। युवक अपने छोटे भाई को चकिया से लाने जा रहा था। घटना से नाराज ग्रामीणाें ने जेसीबी को ईट डंडे से क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं जेसीबी का ड्राइवर मौके से भाग गया। घटना से मृतक के गांव सिहोरिया में सन्नाटा छा गया। गांव में लोगों की आंखें नम हो गईं। शोक में विकास खंड मुख्यालय के आसपास की दुकानें दिनभर बंद रहीं।
सिहोरिया निवासी सरफुद्दीन खां का बड़ा पुत्र शाहिद सुबह लगभग सात बजे अपने छोटे भाई को लेने चकिया जा रहा था। उसका भाई कोलकाता अपने बहन के यहां गया था। बुधवार की सुबह लगभग पांच बजे के मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर उतरा और चकिया आने वाली सवारी वाहन पर बैठ गया। जीप जब मुगलसराय से चकिया के लिए रवाना हुई तो उसने शाहिद को चकिया बुलाया। शाहिद उसे लेने के लिए चकिया जा ही रहा था कि ठेकहां गांव के समीप मिट्टी फेंक रहे जेसीबी की जद में आ गया जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोग उसे 108 एंबुलेंस के जरिए चकिया संयुक्त चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक तीन भाइयाें में सबसे बड़ा था । घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे तथा गुस्साए ग्रामीणों को समझाया तथा मृतक के घर पहुंचकर घरवालों को सांत्वना दी। इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।