कंदवा। स्थानीय गांव स्थित एक पुल के पास मंगलवार की देर शाम गिट्टी, सीमेंट, छड़ लादकर जा रही टैक्टर ट्राली साइकल सवार बच्चे को बचाने के प्रयास में असंतुलित होकर कंदवा-ककरैत माइनर में पलट गई। इस घटना में ट्राली में लदा सीमेंट पानी में गिरकर बर्बाद हो गया। वहीं चालक बाल-बाल बच गया।
बिहार के नुआंव गांव निवासी मुजीबुर्रहमान अंसारी (38) अपने टैक्टर ट्राली पर छड़, गिट्टी और सीमेंट लादकर नुआंव से कम्हरियां गांव जा रहा था। जैसे ही वह कंदवा गांव स्थित पुल पर चढ़ा, तभी सामने से अचानक एक साइकल सवार आ गया। जिससे असंतुलित होकर कंदवा-ककरैत माइनर में पलट गई। बुधवार की सुबह टैक्टर चालक ने क्रेन मंगाकर ट्रैक्टर को माइनर से बाहर निकलवाया।
उधर नियामताबाद क्षेत्र के अलीनगर थाना क्षेत्र के जफरपुर चौकी अंतर्गत सिंघीताली गांव की दलित बस्ती में बुधवार की सुबह बारातियों से भरी बस की चपेट में आने से (55) वर्षीय एक अधेड़ की मृत्यु हो गई। मौका देख बस चालक बस को छोड़ भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन कब्जे में ले लिया।
सिंघीताली गांव के रामलोचन राम की पुत्री सुमन की शादी मिर्जापुर जिले के गायघाट के फूलचंद्र राम के पुत्र महेंद्र से तय हुई थी। जिसके लिए मंगलवार को बारात सिंघीताली में आई थी। बुधवार की सुबह लड़कीे की विदाई के बाद बारातियों से भरी बस को चालक बैक कर रहा था कि पीछे खड़ा संतूराम (55) बस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण घायल को इलाज के लिए निजी चिकित्सालय ले जा रहे थे कि रास्ते में ही मौत हो गई।
इनसेट
दुर्घटना में बाइक सवार घायल
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के बिछियां गांव के समीप नेशनल हाइवे पर बुधवार की शाम बाइक व इंडिको कार आपस में टकरा जाने से बाइक सवार सर्वेश मौर्य (30) घायल हो गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर पहुंची पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। घायल विजय नारायणपुर गांव का निवासी बताया गया है।